पंडित दीनदयाल उपाध्याय (कोरोनेशन) जिला अस्पताल में चकराता क्षेत्र की एक महिला मरीज की मौत पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगा हंगामा कर दिया। सूचना पाकर चकराता विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार चकराता क्षेत्र की एक 55 वर्षीय महिला को लेकर परिजन 17 फरवरी को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे। महिला को छह महीने से कमर दर्द की शिकायत थी। उन्होंने न्यूरो सर्जन डॉ. राहुल अवस्थी से जांच कराई। डॉ. अवस्थी ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें भर्ती करा दिया। शुक्रवार सुबह महिला की अचानक मौत हो गई। इस पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। बाद में डॉक्टर के समझाने पर परिजन शांत हो गए। डॉक्टर ने बताया कि महिला की हालत में सुधार हो रहा था। संभवत: उम्र के हिसाब से दिल का दौरा पड़ने से महिला की मौत हुई है।
न्यूरो सर्जन डॉ. अवस्थी ने बताया कि परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी है। वहीं, जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीसी रमोला ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले का डेथ ऑडिट कराया जाएगा।